हरदा में बाल भिक्षावृत्ति रोकथाम को लेकर चला जागरूकता अभियान
हरदा। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन के निर्देश पर जिला प्रशासन के समन्वय से महिला एवं बाल विकास विभाग ने जिलेभर में बाल भिक्षावृत्ति रोकथाम के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य भिक्षावृत्ति में संलिप्त बच्चों की पहचान कर उन्हें संरक्षण उपलब्ध कराना, पुनर्वास से जोड़ना तथा शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाकर मुख्यधारा में शामिल करना रहा।
अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास, पुलिस, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण, शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों की संयुक्त टीम ने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, प्रमुख चौराहों, बाजारों, धार्मिक स्थलों और अन्य सार्वजनिक स्थानों का भ्रमण किया। इस दौरान भिक्षावृत्ति करते मिले बच्चों की पहचान कर उनकी काउंसलिंग की गई तथा उन्हें शिक्षा से जुड़ने और शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
अधिकारियों ने आमजन से भी अपील की कि वे बच्चों को भीख देने के बजाय उनके पुनर्वास में सहयोग करें और ऐसे बच्चों की जानकारी संबंधित विभाग या जिला प्रशासन को दें। लोगों को बताया गया कि बच्चों से भीख मंगवाना उनके अधिकारों का उल्लंघन है तथा ऐसे मामलों में समय पर सूचना मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई और संरक्षण की व्यवस्था की जा सकती है।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल बाल भिक्षावृत्ति पर रोक लगाना नहीं, बल्कि जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा और पुनर्वास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना है। विभाग द्वारा इस दिशा में आगे भी नियमित रूप से जागरूकता और पुनर्वास संबंधी गतिविधियां संचालित की जाती रहेंगी।












Leave a Reply