हरदा में मूँग खरीदी को लेकर किसानों का आंदोलन अब निर्णायक दौर में पहुंच गया है।आम किसान यूनियन ने अपनी मांगों को लेकर नेशनल हाईवे-47 पर अनिश्चितकालीन चक्काजाम शुरू कर दिया है। पिछले 12 दिनों से धरने पर बैठे किसानों ने अब सड़क पर ही डेरा डाल दिया है। प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।हरदा में मूँग खरीदी की मात्रा बढ़ाने की मांग को लेकर आम किसान यूनियन का आंदोलन लगातार उग्र होता जा रहा है। पिछले 12 दिनों से कृषि उपज मंडी में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे किसानों ने मंगलवार से ग्राम पिड़गांव के पास नेशनल हाईवे-47 पर अनिश्चितकालीन चक्काजाम शुरू कर दिया। किसानों ने सड़क पर ही डेरा डालते हुए स्पष्ट कर दिया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
आंदोलन को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। हाईवे पर बैरिकेडिंग की गई है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए वाटर कैनन सहित अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था भी की गई है। वहीं यातायात को प्रभावित होने से बचाने के लिए कई मार्गों पर डायवर्जन लागू किया गया है। किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष राम इनानिया का कहना है कि प्रशासन को पहले ही एक घंटे के सांकेतिक चक्काजाम के दौरान चेतावनी दी गई थी कि यदि 14 जुलाई तक किसानों की मांगें पूरी नहीं हुईं तो 15 जुलाई से अनिश्चितकालीन चक्काजाम किया जाएगा। उनका कहना है कि अब किसान अपनी मांगें पूरी होने तक आंदोलन स्थल से नहीं हटेंगे और किसी भी दबाव में आने वाले नहीं है वहीं प्रशासन का कहना है कि किसान नेताओं से लगातार बातचीत जारी है। अपर कलेक्टर अशोक कुमार डेहरिया ने बताया कि जिला प्रशासन किसानों के संपर्क में है और बातचीत के माध्यम से शांतिपूर्ण समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हरदा के अलावा अन्य जिलों से भी पुलिस बल बुलाया गया है। आंदोलन को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। फिलहाल आंदोलन शांतिपूर्ण है और पुलिस पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
फिलहाल हरदा में किसानों का आंदोलन और प्रशासन के बीच बातचीत दोनों साथ-साथ जारी हैं। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि सरकार किसानों की मांगों पर क्या फैसला लेती है और यह गतिरोध कब तक समाप्त होता है।












Leave a Reply