100 से अधिक CCTV फुटेज खंगालकर पुलिस ने सुलझाया मामला, छीना गया पेंडल और बाइक बरामद
हरदा पुलिस ने 2 जून को शिक्षिका के गले से चेन झपटने की वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीना गया पेंडल और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद कर ली है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसडीओपी Shalini Paraste ने बताया कि शिक्षक कॉलोनी निवासी वर्षा यादव 2 जून की शाम अपनी बेटी के साथ कोचिंग पढ़ाकर घर लौट रही थीं। न्यू गुरुकृपा होटल के सामने बाइक सवार बदमाशों ने उनके गले पर झपट्टा मारकर चेन का पेंडल छीन लिया और फरार हो गए।
100 से ज्यादा CCTV कैमरों की जांच के बाद मिली सफलता
घटना के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीमों ने हरदा से भेरुंदा तक करीब 75 किलोमीटर के मार्ग पर लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। साइबर सेल की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने भेरुंदा निवासी अस्मित उर्फ आशु साहू (22) को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथियों नंदलाल उर्फ नंदू जारवाल (21) और रोहित उर्फ रोहन बिजोरिया (20) के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की।
पहले बुजुर्ग महिला को बनाया था निशाना
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी वारदात से पहले हरदा के जैसानी चौक क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला से चेन छीनने की कोशिश कर चुके थे, लेकिन सफल नहीं हो पाए। इसके बाद उन्होंने शिक्षिका को निशाना बनाया।
दो आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के अनुसार अस्मित इंदौर में बीटेक का छात्र है और पहली बार इस तरह के अपराध में शामिल हुआ। वहीं नंदलाल बीए द्वितीय वर्ष का छात्र है। नंदलाल और रोहन के खिलाफ पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इन पर मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी करने, पुलिस हिरासत से फरार होने और इंदौर में चेन स्नैचिंग जैसी घटनाओं में शामिल रहने के आरोप हैं। रोहन 12वीं पास है और इंदौर में कार पेंटर का काम करता है।
आईपीएल सट्टे और शौक पूरे करने के लिए की वारदात
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आईपीएल सट्टेबाजी और अपने शौक पूरे करने के लिए चेन स्नैचिंग जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। तीनों आरोपी इंदौर में किराये के कमरे में रहते थे और जल्द वहां लौटने वाले थे, लेकिन उससे पहले पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
मामले के खुलासे में एएसआई सुरेंद्र श्रीवास्तव, हेड कांस्टेबल हरप्रसाद पटेल, कुलदीप सिंह भदौरिया, आरक्षक प्रदीप मालवीय, वीरेंद्र राजपूत, महिला आरक्षक वैशाली परते तथा साइबर सेल के आरक्षक कमलेश सिंह परिहार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
टैग: हरदा न्यूज, चेन स्नैचिंग, हरदा पुलिस, अपराध समाचार, CCTV जांच, गिरफ्तारी, मध्य प्रदेश समाचार, पुलिस कार्रवाई।







Leave a Reply