मिट्टी धंसने से निर्माण कार्य के दौरान हुई घटना, ड्राइवर और मजदूर ने भागकर बचाई जान
हरदा में नेताजी सुभाष चंद्र बोस नए बस स्टैंड के निर्माण स्थल पर शुक्रवार शाम बड़ा हादसा टल गया। निर्माण कार्य के दौरान अचानक मिट्टी धंसने से एक जेसीबी मशीन करीब 15 फीट गहरे गड्ढे में गिर गई। घटना में एक मजदूर और जेसीबी चालक बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार, नए बस स्टैंड परिसर में तीन मंजिला भवन के लिए प्लिंथ निर्माण का कार्य चल रहा था। पाइल को सीमेंट-कंक्रीट से भरने की प्रक्रिया के दौरान शाम करीब 5:30 बजे जेसीबी मशीन से काम किया जा रहा था। इसी दौरान जमीन धंस गई और मशीन सीधे गड्ढे में जा गिरी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जेसीबी चालक ने समय रहते मशीन से कूदकर अपनी जान बचा ली। वहीं गड्ढे के नीचे कार्य कर रहा एक मजदूर भी तत्काल वहां से हट गया। यदि वह समय पर नहीं भागता तो गंभीर हादसा हो सकता था।
9.78 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा नया बस स्टैंड
नगर में बनने वाला नया बस स्टैंड करीब 9 करोड़ 78 लाख रुपये की लागत से तैयार किया जा रहा है। निर्माण कार्य का ठेका भोपाल की एक निर्माण कंपनी को दिया गया है। परियोजना के तहत आधुनिक सुविधाओं से युक्त तीन मंजिला व्यावसायिक और यात्री सुविधा केंद्र विकसित किया जाएगा।
भवन में बनेंगी 126 दुकानें
प्रस्तावित भवन में कुल 126 दुकानें बनाई जाएंगी। ग्राउंड फ्लोर पर 26 दुकानें, मेजेनाइन फ्लोर पर 27 दुकानें, पहली मंजिल पर 61 दुकानें तथा दूसरी मंजिल पर 1500 से 3000 वर्गफीट क्षेत्रफल वाली 6 बड़ी दुकानें और ऑफिस स्पेस विकसित किए जाएंगे।
इसके अलावा यात्रियों की सुविधा के लिए वेटिंग एरिया, टिकट काउंटर, शेड्यूल डिस्प्ले सिस्टम और अन्य आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
टैग: हरदा न्यूज, बस स्टैंड निर्माण, जेसीबी हादसा, निर्माण स्थल दुर्घटना, नेताजी सुभाष चंद्र बोस बस स्टैंड, हरदा विकास, मध्य प्रदेश समाचार, Harda News.







Leave a Reply